झांसी । भूपेंद्र रायकवार। उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य रमा शंकर साहू शुक्रवार को एक विवाह समारोह में शामिल होने झांसी पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से वार्ता करते हुए प्रदेश सरकार के बजट को जनहितैषी और सर्वस्पर्शी बताया। उन्होंने कहा कि यह बजट समाज के हर वर्ग—किसान, युवा, महिला, मजदूर, व्यापारी और गरीब—को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
उन्होंने विशेष रूप से बुंदेलखंड क्षेत्र का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार का सबसे अधिक फोकस इस क्षेत्र के समग्र विकास पर है। वर्षों से उपेक्षित रहे बुंदेलखंड को अब योजनाओं और परियोजनाओं के माध्यम से मुख्यधारा से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा “हर घर नल, हर घर जल” जैसी महत्वाकांक्षी योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। साथ ही पात्र लोगों को राशन वितरण की व्यवस्था सुदृढ़ की गई है और किसानों को किसान सम्मान निधि के जरिए आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सड़क और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए कॉरिडोर और बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे जैसी बड़ी परियोजनाएं शुरू की गई हैं, जिससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और औद्योगिक निवेश को बढ़ावा मिलेगा। एक्सप्रेस-वे के माध्यम से बुंदेलखंड को प्रदेश के अन्य हिस्सों से बेहतर कनेक्टिविटी मिली है, जिससे व्यापार और परिवहन को गति मिली है।
रमा शंकर साहू ने यह भी कहा कि सरकार आने वाले समय में बुंदेलखंड के लिए और भी कई विकास योजनाएं लाने जा रही है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई और रोजगार के क्षेत्र में विशेष योजनाएं लागू की जाएंगी, ताकि क्षेत्र का समग्र और संतुलित विकास सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने विश्वास जताया कि यह बजट प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने में सफल होगा







