Home » ई-पेपर » चौहान बहनों ने फिर किया झांसी का नाम रोशन

चौहान बहनों ने फिर किया झांसी का नाम रोशन

झांसी। भूपेन्द्र रायकवार। नगरा क्षेत्र की निवासी दो सगी बहनें ओजस्वी चौहान (उम्र 16 वर्ष) एवं नैवेधी चौहान (उम्र 12 वर्ष) ने हाल ही में आयोजित राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय कराटे (शितो-रयू) प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन कर झांसी का नाम रौशन किया है।

नेशनल कराटे फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा 26 एवं 27 दिसम्बर 2025 को फरीदाबाद में राष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें शानदार प्रदर्शन करते हुए ओजस्वी चौहान ने 16-17 आयु वर्ग में कुमिते में स्वर्ण पदक एवं काता में रजत पदक जीता। 12-13 आयु वर्ग में नैवेधी चौहान ने कुमिते में रजत पदक एवं काता में कांस्य पदक जीता।
28 दिसंबर 2025 को शितो-रयू कराटे स्पोर्ट्स ऑफ इंडिया (SKSI) द्वारा अंतरराष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता का आयोजन किया गया जिसमें ओजस्वी चौहान ने 16-17 आयु वर्ग में कुमिते में स्वर्ण पदक एवं काता में रजत पदक जीता, साथ ही नैवेधी चौहान ने 12-13 आयु वर्ग में कुमिते में स्वर्ण पदक जीता। हेड इंस्ट्रक्टर ऑफ शितो-रयू सेफ़ुकान जापान, वर्ल्ड कराटे फेडरेशन ‘A’ ग्रेड रेफ्री श्री मिनोरू कानाज़ावा ने बच्चों को पदक एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर उनका उत्साह वर्धन किया एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

ओजस्वी और नैवेद्यी दोनों अपने गुरु श्री मेवालाल राजपूत एवं सुश्री पूनम गौतम से पिछले 6 वर्षों से कराटे की विधिवत शिक्षा ले रही हैं एवं 1st दान ब्लैक बेल्ट प्राप्त कर चुकी हैं। अब तक दोनों बहनें कई जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के साथ 3 अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर अच्छा प्रदर्शन करते हुए अपने गुरुजनों के साथ माता-पिता का नाम रौशन करती आ रही हैं।

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This

error: Content is protected !!